*चौकीदारों को अविलंब मिले एसीपी का लाभ -संजय केशरी* धरहरा अंचल दफादार-चौकीदार पंचायत की बैठक धरहरा शिव मंदिर परिसर में अंचल अध्यक्ष प्रेम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें मुख्य अतिथि मुंगेर प्रमंडलीय अध्यक्ष संजय केशरी एवं विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष चौकीदार रावण पासवान, जिला महामंत्री चौकीदार मो० इंसान तथा जिला कोषाध्यक्ष भंगी पासवान थे। बैठक को संबोधित करते हुए मुंगेर प्रमंडलीय अध्यक्ष संजय केशरी ने कहा कि 1990 से ही लंबित एसीपी एवं एम एसीपी का लाभ चौकीदार साथियों को अब तक नहीं मिल पाना दुर्भाग्यपूर्ण है जिससे स्थिति आक्रोशपूर्ण हो रही है। श्री केशरी ने आगे कहा कि चौकीदारों का दूसरे जिलों में स्थानांतरण के किसी भी प्रयास का हमलोग किसी भी हद तक जाकर विरोध करेंगे। जिला अध्यक्ष चौकीदार रावण पासवान ने चौकीदारों का आह्वान किया कि 23 एवं 24 मार्च को गर्दनीबाग पटना में आयोजित धरना-प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर भाग लें। जिला महामंत्री चौकीदार मो० इंसान ने कहा कि स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का लाभ भी चौकीदारों को ससमय मिलना चाहिए। अध्यक्षता करते हुए चौकीदार प्रेम प्रकाश ने कहा कि चौकीदारों को शराबबंदी कानून में बलि का बकरा बनाया जा रहा है जिसका जमकर विरोध किया जाएगा। बैठक में रामविलास पासवान, संटू पासवान, छबीला यादव, सत्यनारायण पासवान, रंधीर पासवान, राजकुमारी देवी, प्रकाश पासवान, अशोक पासवान, सुजीत कुमार, छोटन कुमार, धर्मेंद्र पासवान, राजेंद्र पासवान, राकेश पासवान, रोणित पासवान एवं बबलु सिंह आदि चौकीदार उपस्थित थे।
