सदर अस्पताल, पुलिस विभाग एवं नगर निगम सहित तमाम बड़े बकायेदारों पर बिजली विभाग द्वारा शिकंजा कसा जाना स्वागतयोग्य है लेकिन साथ ही यह भी एहतियात बरतनी होगी कि लाख रुपए से ज्यादा राशि के बड़े बकायेदारों के बाद ही छोटे बकायेदारों की बिजली काटी जाए। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने विद्युत अधीक्षण अभियंता को एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा। साथ ही श्री केशरी ने कहा कि बकाया राशि को दस मासिक किस्तों में जमा करने का आदेश जारी किया जाए जिससे विभाग को बकाया राशि मिलने के साथ-साथ विद्युत उपभोक्ताओं को भी पैसे चुकाने में सुविधा हो सके। श्री केशरी ने कहा कि मुंगेर विद्युत कार्य अंचल में विभिन्न उपभोक्ताओं के यहां बकाया करोड़ों रुपए की राशि का वसूली होना भी जरूरी है परन्तु इसमें गैरजरूरी सख्ती से बचते हुए इसे दस मासिक किस्तों में वसूलने की रणनीति बनाना बिजली विभाग एवं विद्युत उपभोक्ता दोनों के लिए हितकर होगा। एनसीपी नेता संजय केशरी ने कहा कि ऐसा नहीं होने पर एनसीपी कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरकर भीषण आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा जिसकी सारी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।