मुंगेर, 17 फरवरी ; बॉलीवुड के विख्यात संगीतकार और गायक बप्पी लहरी अब हमारे बीच नहीं रहे। मुम्बई से 2 हजार किलोमीटर दूर शादीपुर, मुंगेर, बिहार में स्थित राजवीर हाउस में आज 17 फरवरी की शाम को हीरो राजन कुमार की अध्यक्षता में बफ्टा, मुंगेर के कलाकारों द्वारा म्यूज़िक के बादशाह बप्पी लाहिरी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।आपको बता दें कि बप्पी लहरी के परिवार ने आज गुरुवार सुबह उन्हें अंतिम विदाई दी। बप्पी लहरी के फैन्स और उनके चाहने वाले बड़ी संख्या में उनके अंतिम दर्शन करने पहुंचे और शवयात्रा में बप्पी लहरी के परिवार वाले बेहद भावुक नजर आए। राजन कुमार ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बप्पी लहरी हिंदुस्तानी संगीत के बादशाह थे। उन्होंने कई दशक तक ऑडिएंस का मनोरंजन किया है। डिस्को किंग के खिताब से नवाजे जाने वाले बप्पी लहरी के गीत संगीत में एक अलग ही भाव उभर कर आते थे जो गीतों को अमर और सदाबहार बना देते थे।
