*शहीद अनुराग पोद्दार के इंसाफ की आधी-अधूरी लड़ाई को मुकाम तक पहुंचायेंगे - केशरी* अनुराग पोद्दार की शहादत के पन्द्रह महीनों के बाद भी आधे-अधूरे इंसाफ को पूरा करने के लिए एक बार फिर से हम लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने बेकापुर लोहापट्टी चौक पर आयोजित संकल्प सभा में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए कहा। श्री केशरी ने कहा कि अनुराग की बहन को सरकारी नौकरी तथा अनुराग पोद्दार चौक स्थापित कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। एनसीपी नेता संजय केशरी ने आगे कहा कि अनुराग की हत्यारोपी लिपि सिंह और सुशासन सम्पोषित लाठी-गोलीकांड के दोषियों को सजा दिलाने के लिए भी हमलोग किसी भी हद तक जायेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अंतर्जातीय समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश कुमार गुप्ता ने कहा कि हत्यारोपी लिपि सिंह के संरक्षक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीच-बीच में डिजीटल एविडेंस जैसी नौटंकी करवा कर लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करें। इंसाफ में हो रहे अत्यधिक विलंब से व्यथित अनुराग पोद्दार के पिता अमरनाथ पोद्दार एवं बहन आकृति पोद्दार ने कहा कि हमें जनता की अदालत और कानून की अदालत पर पूरा भरोसा है लेकिन देर से न्याय भी अन्याय के समान पीड़ादायक होता है। इसके अलावे संकल्प सभा को सुनील कुमार सिंह, शंकर यादव, संयुक्ता कुमारी एवं आजाद शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अजय प्रसाद सिंह, रंजीत गुप्ता, चन्दन गुप्ता, संकल्प कुमार, रोबिन शर्मा, बबलु गुप्ता, मुरारी यादव एवं चांद सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।