*25 दिसंबर को उद्घाटन पर एनसीपी जलायेगा घी का दिया - केशरी* 25 दिसंबर को रेल-सह-सड़क पुल का उद्घाटन मुंगेर के चतुर्दिक विकास की नई इबारत लिखेगा जिसके उपलक्ष्य में एनसीपी कार्यकर्ता उद्घाटन-स्थल पर "घी के दिए" जलायेंगे। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा। श्री केशरी ने कहा कि दलगत राजनीति को कभी भी विकास में बाधक नहीं बनकर सहयोगात्मक होना चाहिए और विपक्ष की राजनीति का मतलब आंख मूंदकर अच्छे कामों का विरोध तो कतई नहीं होना चाहिए। महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी ने कहा कि पुल के उद्घाटन से क्षेत्र की चिर-प्रतीक्षित जनाकांक्षा पूरी हो रही है इसलिए उस दिन विरोध का एक भी स्वर नहीं गूंजना चाहिए। प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा एवं वरीय नेता शंकर यादव ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी देशहित एवं समाजहित में हमेशा रचनात्मक राजनीति करती है। इनके अलावे अजय प्रसाद सिंह, मो० निशात आलम, सत्यनारायण साह एवं सखीचंद यादव ने भी बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर आजाद शर्मा, चन्दन गुप्ता, अजय सिन्हा, किशन मंडल, संजीव साह, बबलु गुप्ता एवं ललन बिंद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।