कालाजार मरीजों का 6 माह तक फॉलो अप आशा कार्यकर्ता उन्मुखीकरण कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए डिस्ट्रिक्ट वेक्टर बोर्न डिजीज कंसलटेंट पंकज कुमार प्रणव ने कालाजार के उपचार में आशा कार्यकर्ता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में कालाजार मरीजों की पहचान कर उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाएगी। वहां कालाजार की जांच करवाने के बाद पॉजिटिव मरीज का अगले छह महीने तक लगातार फॉलोअप करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि मरीज का उपचार पूर्ण हो। उन्होंने बताया कि आशा के द्वारा इस दायित्व के पूरा करने पर सरकार के द्वारा 500 रुपये प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था है । यह राशि उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता को अपने स्वास्थ्य केंद्र से समय-समय पर अपने क्षेत्र के कालाजार मरीजों का विवरण लेना चाहिए और उनका रिकॉर्ड रखना चाहिए ताकि आईआरएस के लिए माइक्रोप्लान बनाने में मदद मिले और छिड़काव के समय उन क्षेत्रों को फोकस किया जा सके जहां कालाजार के मरीज पाए गए हैं।
