*बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग को लेकर 29 नवम्बर को एनसीपी करेगा राजभवन मार्च - केशरी* तथाकथित सुशासन की आड़ में नीतीश सरकार लुटेरों के गिरोह के रूप में काम कर रही है जिसके विरोध में नीतीश सरकार को बर्खास्त करने तथा बिहार में राष्ट्रपति शासन की मांग को लेकर एनसीपी 29 नवंबर को राजभवन मार्च करेगा। एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने अपने आवासीय कार्यालय में उपर्युक्त घोषणा करते हुए कहा कि 29 नवम्बर को शुरू हो रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दिन ही मेरे नेतृत्व में सैंकड़ों एनसीपी कार्यकर्ता एनसीपी कार्यालय से "राजभवन मार्च" कर बिहार में राष्ट्रपति शासन लागू करने का महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित मांगपत्र राज्यपाल को सौंपेंगे। श्री केशरी ने जहरीली शराब से हो रही मौतों को सुशासन प्रायोजित मौत करार देते हुए कहा कि बिहार में सुशासन के सूरमा ही खुद नीतीश कुमार के संरक्षण में शराब बेचवा रहे हैं इसलिए इन मौतों को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हत्या का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने आक्रोशित शब्दों में कहा कि या तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का व्यवस्था से नियंत्रण समाप्त हो चुका है और पूरा का पूरा सुशासन अराजक हो चुका है या फिर खुद नीतीश कुमार ही सुशासन प्रायोजित लूट में शामिल हो चुके हैं और दोनों ही स्थिति लोकतंत्र के लिए घातक है। संवाददाता सम्मेलन में महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी, प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा, अजय प्रसाद सिंह, रामबिनय कुमार, अजय सिन्हा, शंकर यादव, बबलु गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।