धरहरा (संवाददाता) :- धरहरा थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित माताडीह पंचायत के पहाड़पुर गांव में 14 अक्टूबर की बीती रात डीलर पुत्र राजा कुमार की हत्या मामले का पर्दाफाश तो पुलिस ने कर दिया है, लेकिन अब इस हत्या के कारणों पर से परत- दर-परत कड़ियां खुलने लगी है। घर वालों से बिना बताए राजा ने अपने दोस्त विकास कुमार को डेढ़ लाख रुपये दिए थे। अब जब दिसंबर में राजा की बहन की शादी होनी थी, तो विकास से पैसे की मांग की जा रही थी। घरवालों को पैसे की बारे में जानकारी नहीं थी। घर के लोग फोन पर ही राजा को पैसे की मांग करते सुने थे। विकास ने कुछ पैसे वापस भी किए थे, लेकिन पूरी रकम लौटा नहीं सका। बार-बार पैसे की मांग की जा रही थी नहीं देने पर विकास के घरवालों को पैसे के लेनदेन की बात बता देने की भी बात कर रहा था।तभी विकास ने राजा को रास्ते से हटाने की प्लानिंग तैयार करनी शुरू कर दी थी।जिस दिन राजा की निर्मम तरीके से हत्या गोदाम में हुई, उस रात विकास भी साथ में सोने की बात कह साथ में ही गोदाम में रह गया था, इसकी जानकारी घरवालों काे भी लगी थी। घर से गोदाम की दूरी लगभग 100 मीटर है।विकास गोदाम में ही था और देर रात उसने अपने दो साथी नीतीश और दीपक को अंदर बुलाया घटना को अंजाम देने के बाद सभी बाहर से दरवाजा की कुंडी बंदकर फरार हो गए।राजा के पिता कृष्ण पासवान ने बताया कि राजा रोजाना गोदाम में ही सोता था।
