धरहरा(संवाददाता):-धरहरा थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित माताडीह पंचायत स्थित पहाड़पुर गांव में बदमाशों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। बदमाशों ने कृष्णा पासवान के 22 वर्षीय पुत्र राजा कुमार की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही धरहरा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह, जमालपुर आदर्श थानाध्यक्ष रंजन कुमार पूरे दल-बल सहित घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की पर ग्रामीणों ने शव को नहीं उठाने दिया। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे । ग्रामीणों के विरोध के बाद सदर एसडीपीओ नंद जी प्रसाद डांग स्क्वायर्ड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच मृतकों के परिजनों से बात कर हत्या के कारणों की जानकारी जुटाने में लग गये है। वहीं मृतक की मां शर्मिला देवी ने बताया कि वह जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाती है और पिता किसानी करते हैं।गुरुवार की देर रात राजा अपने दो दोस्त विकास और नीतीश के साथ जन वितरण प्रणाली के सामानों की देखरेख हेतु गोदाम में सोया था। शुक्रवार की सुबह जब लोग गोदाम की तरफ गए तो राजा को मृत पाया।वहीं मृतका की मां ने बताया कि 20 अक्टूबर को राजा को मैसूर में रेलवे अप्रेंटिस में योगदान देना था। इससे पहले बदमाशों ने राजा की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। मां और घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।पुलिस हत्या से जुड़ी हर बिंदु की बारिकी से जांच कर रही है।शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि बदमाशों ने मृतक के गले और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई वार किया है। मृतक के गले और चेहरे पर चोट के कई निशान है। पुलिस खोजी कुत्ते के साथ जांच पड़ताल कर रही है अभी तक युवक का शव गोदाम में ही पड़ा हुआ है।खबर लिखे जाने तक जांच में किसी तरह का कोई सुराग नहीं मिला था। वहीं पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड का पर्दाफाश जल्द कर दिया जाएगा।मृतक तीन बहन और दो भाई था। ग्रामीणों ने बताया कि राजा का व्यवहार मिलनसार था।
