धरहरा (संवाददाता):- धरहरा प्रखंड के सारोबाग गांव में एक बुजुर्ग महिला की हत्या गला दबाकर कर दी गई। हत्या की वजह पोती से हुई छेड़खानी का बेटे के द्वारा विरोध करना बताया जा रहा है। घरवालों के द्वारा छेड़खानी का विरोध करना बुजुर्ग महिला को महंगा पड़ गया। घर वालों ने गांव के ही एक आदमी पर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया है तथा मामले की जांच करने में लग गई है। मृत महिला सारोबाग गांव की 75 वर्षीय कैलू देवी है।मृतका पुत्र किशोरी चौधरी ने बताया कि बुधवार की देर रात मां खाना खाकर छत पर सोने चली गई थी। गुरुवार की अहले सुबह जब घर के लोग उठाने गए तो महिला नहीं उठी तथा शरीर में किसी प्रकार का हलचल भी नहीं हो रहा था।गले पर काला निशान होने के कारण घरवाले गला दबाकर हत्या करने की बात कह रहे हैं। पुत्र ने पुलिस को बताया कि बेटी से छेड़खानी का विरोध किया था, तो गांव के संजय चौधरी उर्फ कल्लू चौधरी ने मां का गला दबाकर हत्या कर दी। कल्लू चौधरी बुधवार की शाम अंजाम भुगतने की धमकी देकर गया था। इस संबंध में धरहरा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल मुंगेर भेजा दिया गया है तथा हर बिंदु पर जांचोपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी ।
