*चाइनीज प्रीपेड मीटर के बदले प्रतिमाह तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली की घोषणा हो - एनसीपी* चाइनीज़ स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने की जगह दिल्ली के केजरीवाल सरकार की तर्ज पर नीतीश सरकार भी प्रतिमाह तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा करें। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने दस चौक-चौराहों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन करते हुए कहा। उन्होंने आक्रोशित शब्दों में कहा कि चाइनीज कोरोना ने तो पहले ही लोगों को तंगोतबाह कर दिया है अब चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लाकर नीतीश सरकार लोगों का जीना दुश्वार कर रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्री केशरी ने चाइनीज प्रीपेड मीटर का सीपीआरआई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की पुरजोर मांग करते हुए कहा कि डीजिटल मीटर और प्रीपेड मीटर का सार्वजनिक स्थान पर चौबीस घंटो तक दो हजार वाट का लोड देकर डिस्प्ले करने से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। एनसीपी महिला नेत्री संयुक्ता कुमारी एवं सोनी सिन्हा ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि जिस मतदाताओं ने लगातार सोलह सालों से नीतीश कुमार को बिहार की बागडोर दे रखा है कोरोनाकाल में उसका खून चूसने का नीतीश कुमार कोई मौका हाथ से जाने नहीं दे रहे हैं। वरीय नेता नरेश कुमार गुप्ता एवं अजय प्रसाद सिंह ने सवाल किया कि डीएम-एसपी, आईटीसी-नगर निगम और सांसद-विधायक जैसे आर्थिक रूप से मजबूत हस्तियों के बदले आर्थिक रुप से टूट चुके आम आदमी के यहां प्रीपेड मीटर क्यों लगाया जा रहा है। पुतला दहन कार्यक्रम बासुदेवपुर मालीटोला चौराहा से शुरू करते हुए दलहट्टा चौराहा, 2 नंबर गुमटी चौराहा, रायसर चौराहा, मुंगेर रेलवे स्टेशन, अम्बे चौक, कोड़ा मैदान चौराहा, शहीद अनुराग पोद्दार चौक, दीनदयाल उपाध्याय चौक पर करते हुए शहीद अब्दुल हमीद चौक पर नीतीश कुमार का दसवां पुतला दहन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राजीव शर्मा, शंकर यादव, आजाद शर्मा, मुन्ना सिंह, मो० तनवीर अख्तर, सखिचंद यादव, सत्यनारायण साह, रतन सिन्हा, निरंजन गुप्ता, अजय सिन्हा, श्याम साह, निर्भय सिंह, किशन मंडल, रंजीत मिश्रा, कंचन देवी, शोभा देवी, बेबी देवी, अंजू देवी, बंटी राम एवं ललन बिंद सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
