सदर अस्पताल मुंगेर 16 बेड वाले पुरुष मेडिकल वार्ड को बनाया गया है आइसोलेशन वार्ड : सिविल सर्जन डॉ. हरेन्द्र आलोक ने बताया कि जिला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से बाढ़ का पानी निकलने के बाद जलजनित बीमारियों खासकर डायरिया के मरीजों की संख्या में होने वाले संभावित इजाफा को देखते हुए सदर अस्पताल मुंगेर स्थित 16 बेड के पुरुष मेडिकल वार्ड को आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है जहां उल्टी, दस्त और डायरिया के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। मरीजों के लिए बेड की समस्या न हो इसके लिए वार्ड के बरामदे में भी अलग से 10 बेड का व्यवस्था किया गया है। इसके साथ ही जिला के सभी सीएचसी, पीएचसी, एपीएचसी के साथ -साथ सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जलजनित बीमारियों से संबंधित दवाइयां उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सीएचसी /पीएचसी को ब्लीचिंग पावडर व चूना उपलब्ध कराते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को छिड़काव शुरू कराने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीण स्तर पर आशा कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के माध्यम से डायरिया से बच्चों सहित अन्य लोगों को बचाने के लिए ओआरएस का घोल और जिंक की टैबलेट भी उपलब्ध कराया जा रहा है। सभी लोग इनसे सम्पर्क कर खुद के साथ-साथ अपने बच्चों और पूरे परिवार को डायरिया से सुरक्षित कर सकते हैं।
