बरियारपुर और हवेली खड़गपुर के कालाजार प्रभावित क्षेत्र में घर-घर किया जा रहा है एसपी दवा का छिड़काव मुंगेर, 09 अगस्त| जिला के बरियारपुर और हवेली खड़गपुर प्रखण्ड के कालाजार प्रभावित क्षेत्र में लोगों को कालाजार से बचाने के लिए कालाजार की दवा सिंथेटिक पैरोथोरॉइड(एस पी ) का घर- घर जाकर छिड़काव किया जा रहा है। मुंगेर के जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने बताया कि जिला के बरियारपुर और हवेली खड़गपुर के कालाजार प्रभावित क्षेत्र में हैंड कम्प्रेशन मशीन के साथ-साथ बाल्टी, गैलन और मग के द्वारा कालाजार से बचाव के लिए दवा का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व सदर प्रखंड के साथ- साथ टेटिया बम्बर और संग्रामपुर प्रखण्ड में लोगों को कालाजार से बचाने के लिए दवा का छिड़काव किया जा चुका है । उन्होंने बताया कि 7.5 लीटर पानी में 125 ग्राम सिंथेटिक पैरोथोरॉइड का घोल तैयार कर उसका छिड़काव छत को छोड़कर घरों के सभी दीवारों के साथ ही गौशाला में भी किया जा रहा है।