उब्भी वनवर्षा गांव में एक सप्ताह पूर्व आई तेज आंधी बारिश के कारण विद्युत तार पर गिरे पेड़ के कारण सड़क पर पोल और ट्रांसफार्मर आ गिरा। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण एवं उपभोक्ताओं ने ट्रांसफार्मर गिरने की सूचना विद्युत विभाग के कर्मियों को दी। लेकिन सड़क पर गिरे ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने की दिशा में विद्युत विभाग के कोई कर्मी या अधिकारी अब तक पहल तक नहीं किए हैं। आलम यह है कि सड़क पर ट्रांसफार्मर गिरे होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। साथ ही उक्त ट्रांसफार्मर से मिलने वाले लगभग 60 घरों के विद्युत उपभोक्ताओं को 1 सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप है। जिसे लेकर उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है। उक्त ट्रांसफार्मर से पश्चिम टोला उब्भी बनबर्षा के सभी ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति की जाती थी। लेकिन सप्ताह भर से ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति ठप है। जबकि ट्रांसफार्मर गिरने की सूचना ग्रामीणों के द्वारा विद्युत विभाग को उपलब्ध करा दी गई है। ग्रामीणों ने अविलंब गिरे ट्रांसफार्मर को दुरुस्त करने की मांग अधिकारियों से की है।
