*लाइन काटने और जेल भेजने की धमकी देकर चाइनीज प्रीपेड मीटर लगाना बर्दाश्त नहीं - केशरी* बिजली विभाग और एजेंसी के लोगों द्वारा लाइन काटने, जेल भेजने, केस करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धमकी देकर दहशत पैदा कर जबरदस्ती चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के खिलाफ एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी के नेतृत्व में शहीद स्मारक से एक मौन जुलूस निकालकर जिला पदाधिकारी कार्यालय का घेराव किया गया। डीएम कार्यालय का घेराव करते हुए एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने आक्रोशित शब्दों में कहा कि बिजली विभाग दहशत फैलाकर चाइनीज प्रीपेड मीटर लगाने से बाज आए नहीं तो जनाक्रोश को संभालना मुश्किल हो जाएगा। युवा कांग्रेसी नेता चन्दन कुमार सिंह ने कहा कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाकर दुश्मन देश चीन को आर्थिक लाभ पहुंचाने वालों पर देशद्रोह का मुकदमा होना चाहिए। मो० शाहनवाज़ ने कहा कि कोरोना से तबाह गरीब-गुरुवा को छह महीने तक मुफ्त बिजली देने की बजाय नीतीश सरकार खून चूसने में लगी हुई है। अधिवक्ता यशवंत सिंह एवं सखीचंद यादव ने कहा कि चाइनीज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने से बिजली उपभोक्ताओं को लगभग एक हजार रुपए प्रति माह का खर्च नाजायज तरीके से बढ़ जाएगा जो कि बर्दाश्त से बाहर है। महिला नेत्री सोनी सिन्हा, बीना देवी, किरण देवी एवं बेबी देवी ने कहा कि चीन के कोरोना के कारण तो घर चलाना मुश्किल हो गया है अब चाइनीज प्रीपेड मीटर कैसे लगायेंगे। डीएम कार्यालय के घेराव के पश्चात एनसीपी नेता संजय केशरी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल जिला पदाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा तथा कहा कि डीएम के नेतृत्व में विद्युत अधीक्षण अभियंता एवं सभी राजनीतिक, व्यवसायिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक कर विवाद के बिन्दुओं का समाधान करने के बाद ही मीटर लगाने का काम शुरू किया जाय। जुलूस सह घेराव कार्यक्रम में वरीय नेता अजय प्रसाद सिंह, सत्यनारायण साह, शंकर यादव, बबलु गुप्ता, मनीष साह, राजेंद्र साह, रतन सिन्हा, निरंजन गुप्ता, चन्दन गुप्ता, शोभा देवी, रुक्मिणी देवी, श्याम कुमार साह, मो० सलाम, मो० तनवीर अख्तर, दिनेश तांती एवं अजय सिन्हा सहित अनेकों कार्यकर्ता शामिल थे।