धरहरा (संवाददाता):- जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के धरहरा प्रखंड में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं मे आपसी मतभेद के कारण कांग्रेस संगठन में टूट की आशंका। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार धरहरा प्रखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पद दिए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं मे अंदरुनी मनमुटाव उत्पन्न होने लगा है।मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ता के द्वारा कांग्रेस पार्टी को छोड़कर जदयू में शामिल होने की बात चल रही है। ईटवा,माताडीह,सारोबाग,बंगलवा के दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि हमलोगो ने पार्टी उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की और साथ ही जदयू के कद्दावर नेता व उनके समर्थकों का सीधा सामना भी किया जिसका परिणाम जमालपुर विधानसभा क्षेत्र के वर्तमान विधायक डॉ अजय कुमार सिंह जी के रूप में हमलोगो के सामने है, किन्तु कुछेक नये कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कारण पार्टी में अंदरूनी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुसार पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के बीच उठे मनमुटाव के प्रति जमालपुर विधायक माननीय डॉ अजय कुमार सिंह जी को ध्यान आकर्षित करते हुए उपजे विवाद को अविलंब दूर करने की कोशिश करनी चाहिए, जिससे धरहरा प्रखंड में कांग्रेस पार्टी विखड़ने से बच सके।