बरियारपुर : सरकार द्वारा पांच मई से 15 मई तक लगाए गए लॉकडाउन का पालन कराने के लिए थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन एवं सीओ जयप्रकाश स्वर्णकार सड़क पर उतरे। दिन के 11 बजे तक सभी दुकानों को बंद करवाया। दिनभर बरियारपुर तीन बटिया चौक, ब्रह्मस्थान एवं घोरघट में पेट्रोलिग कर सड़कों पर पैदल चलने वाले लोगों के साथ साथ दो पहिया चार पहिया वाहन से चल रहे लोगों को रोककर लॉक डॉन का पालन करने का निर्देश दिया गया। दोपहर में डीएम, एसपी, एसडीओ बरियारपुर पहुंचे। स्थानीय अधिकारियों को लॉकडाउन का सख्ती से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि दिन के 11 बजे से पैदल चलने वाले लोगों पर भी रोक लगाई जाए तथा लोगों को घरों में रहने का निर्देश दिया जाए । एसडीओ खगेश चंद्र झा ने बरियारपुर थाना के समीप एवं तीन बटिया चौक पर स्थाई रूप से पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए। जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ बिना वैध कागजात के चल रहे वाहनों पर भी रोक लगाई जा सके।
