*विजेता एवं जिंदल के बाद अब जेएमसी कर रही जलापूर्ति के नाम पर लूट - केशरी* घटिया एवं गुणबत्ताविहीन बालू-गिट्टी का प्रयोग कर जेएमसी प्रोजेक्ट्स द्वारा जलमीनारों का निर्माण कराया जा रहा है जिससे कुछ ही महीनों में इन जलमीनारों का टूटना तय है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर ऐसा घटिया निर्माण नहीं होने देगा। उपर्युक्त बातें एनसीपी श्रमिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष संजय केशरी ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित सम्वाददाता-सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा। श्री केशरी ने आक्रोशित शब्दों में कहा कि जलापूर्ति योजना के नाम पर जिस तरह से विजेता कंस्ट्रक्शन और उसके बाद जिंदल ने करोड़ों रुपए की लूट मचाई थी उसी राह पर चलते हुए जेएमसी प्रोजेक्ट्स भी लूट का ताना-बाना बुन चुकी है जिसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। एनसीपी श्रमिक नेता श्री केशरी ने इस बात पर भी गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि मजदूर दिवस पर जेएमसी प्रबंधन द्वारा कल्याणकारी घोषणा करना तो दूर छुट्टी मजदूरों को तक नहीं दिया गया। इसके अलावे श्री केशरी ने इस बात पर भी आक्रोश जताया कि प्रतिबंधित गंगा नदी के मिट्टी-बालू का प्रयोग करके बनाए गए फ्लाई ऐश ब्रिक्स का उपयोग जेएमसी प्रबंधन जानकारी के बावजूद कैसे कर रहा है। श्री केशरी ने कहा कि पाइप बिछाने के बाद सड़कों की घटिया बालू-गिटृटी से पीसीसी मरम्मत का परिणाम है कि एक तरफ से मरम्मत हो रहा है तो दूसरी ओर वह टूटता जा रही है। श्री केशरी ने जेएमसी प्रबंधन को आगाह करते हुए कहा कि अविलंब घटिया बालू-गिट्टी से किए गए निर्माण को सुधारते हुए अच्छी क्वालिटी के बालू-गिट्टी का उपयोग कर जलमीनारों एवं पीसीसी मरम्मत सहित अन्य कार्य करावें अन्यथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को जेएमसी कार्यालय में हल्ला-बोल करने को बाध्य होना पड़ेगा। सम्वाददाता सम्मेलन में मनोरंजन सिंह, राजीव शर्मा, रामबिनय कुमार, बलराम गुप्ता एवं शंकर यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।