मुंगेर के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध है मज़बूत आधारभूत सरंचना सहित बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन में उपलब्ध है आधुनिक सुविधाओं से लैस मशीन और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी - सीएचसी परिसर में साफ- सफाई के साथ बायो मेडिकल कचरे के संग्रहण का रखा जाता है विशेष ख्याल मुंगेर, 08 मार्च | जिले में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं । इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखण्डों के पीएचसी और सीएचसी के पुराने जर्जर भवन के स्थान पर नए अस्पताल भवन के निर्माण के साथ ही अत्याधुनिक तकनीक से लैस मशीन व अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। अस्पताल में मरीजों को अच्छी सुविधाओं के साथ बेहतर सेवाएं भी मिल सके इसके लिए अमानत ज्योति कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य कर्मियों का लगातार क्षमतावर्धन भी किया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंगेर जिले के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र धरहरा प्रखंड मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में नए आधुनिक भवन के निर्माण के साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक तकनीक वाली मशीन और मरीजों के इलाज के दौरान उत्पन्न होने वाली जटिलताओं को सुलझाने के लिए प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी भी मौजूद हैं। नए भवन में है एक प्रतीक्षालय जहां बैठकर मरीज अपनी बारी का करते है इंतजार - धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल के नए आधुनिक भवन में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए सुरक्षा कर्मी कि तैनाती की गई है जो अस्पताल में आने- जाने वाले सभी लोगों पर अपनी नजर बनाए रखने के साथ ही मरीजों का मार्गदर्शन भी करते हैं | बताया कि अस्पताल के नए भवन में प्रवेश के साथ ही एक प्रतीक्षालय बनाया गया है जहां बैठकर मरीज अपनी बारी का इंतजार करते हैं। यहां एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लोगों को नियमित टीकाकरण के साथ ही कंगारू मदर केयर और परिवार नियोजन के महत्व और आवश्यकता के साथ ही परिवार नियोजन के अस्थाई व स्थाई साधनों के बारे में जानकारी दी जाती है। बताया कि प्रतीक्षालय के एक तरफ स्वागत कक्ष (रिसेप्शन) और नियमित टीकाकरण कॉर्नर बनाया गया है। अस्पताल के नए भवन में ऑपरेशन थिएटर, वातानुकूलित संस्थागत प्रसव रूम, एनबीसीसी नवजात शिशु केयर कक्ष के साथ ही मातृत्व वार्ड एक और दो जहां कंगारू मदर केयर (केएमसी) के साथ ही बच्चों के लिए स्तनपान कक्ष उपलब्ध है। इसके साथ ही रोगाणु नाशक कक्ष ( स्टरलाइजेशन) और स्टोर रूम की भी सुविधा उपलब्ध है जहां दवाओं और अन्य मेडिकल प्रोडक्ट का भण्डारण (स्टोरेज) किया जाता है।