बिहार के आम बजट 2021-22 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद के राज्य परिषद सदस्य एवं जिला राजद के उपाध्यक्ष प्रोफेसर विनय कुमार सुमन ने कहा कि विधानसभा में वित्त मंत्री द्वारा पेश आम बजट से मुंगेर की जनता मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर बड़ी आस लगाए बजट का बेसब्री से इंतजार कर रही थी । लेकिन वित्त मंत्री द्वारा जब विधानसभा में आम बजट पेश किया गया तो मुंगेर की जनता को एक बार पुनः निराशा हाथ लगी। प्रोफेसर सुमन ने कहा कि 25 सितंबर 2018 को पोलो मैदान मुंगेर में वाणिकी और इंजीनियरिंग कॉलेज के शिलान्यास के मौके पर पूर्व विधायक विजय कुमार विजय की इस मांग पर की मुंगेर प्रमंडल मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाए पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व विधायक एवं जिला प्रशासन मुंगेर को यह आश्वासन दिया था कि आप हमें जमीन चिन्हित कर बताएं मैं मुंगेर को शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज दूंगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के तीन महीनों के अंदर ही जिला प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 2 जगहों पर निजी और सरकारी जमीन को चिन्हित कर प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा। मुंगेर की जनता को पूरी उम्मीद थी इस बार की आम बजट में मुंगेर मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर जरूर आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जाएगी। पर राज सरकार ने मुंगेर में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के नाम पर एक पैसा भी इस बजट में उपलब्ध नहीं कराया।
