शारीरिक आचार्यों की ऑनलाइन बैठक दिनांक 21.07.2020 दिन मंगलवार को भारती शिक्षा समिति बिहार के तत्वावधान में शारीरिक आचार्यों की ऑनलाइन बैठक प्रदेश सचिव गोपेश कुमार घोष की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में भारती शिक्षा समिति के अन्तर्गत सात विभाग(भागलपुर, मुंगेर, गया, पटना, भोजपुर, रोहतास एवं नालंदा) के शारीरिक आचार्यों ने भाग लिया। प्रदेश सचिव गोपेश कुमार घोष ने कहा कि नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों में जो हिस्सा लेते हैं उनका स्वास्थ्य बेहतर होता है। आज के समय में शारीरिक शिक्षा से जुड़े अभ्यास पर जोर देने की जरूरत है। आज खेलकूद, योग, आसन,प्राणायाम एवं अन्य गतिविधियों द्वारा बालकों की सुरक्षा सुनिश्चित किये जाने की जरूरत है। शारीरिक शिक्षा से मानसिक शक्ति का विकास होता है, सौंदर्य में वृद्धि होती है तथा रोगों का निवारण होता है। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षा के प्रति भैया/बहनों की रूचि जागृत करने के लिए वर्तमान समय में भैया/बहनों एवं शारीरिक आचार्यों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करनी चाहिए। विद्या भारती उत्तर पूर्व क्षेत्र के खेलकूद प्रमुख एवं भोजपुर विभाग के विभाग प्रमुख ब्रह्मदेव प्रसाद ने कहा कि शारीरिक शिक्षा द्वारा श्वसन, हृदय, प्रतिरक्षा और अन्य शारीरिक प्रणाली को बेहतर बनाता है। शारीरिक शिक्षा एक बच्चे की उचित वृद्धि में महत्वपूर्ण है। शारीरिक शिक्षा हेतु प्रांत द्वारा आसन,व्यायाम एवं वार्मअप का विडियो बनाकर प्रांत के सभी विभागों में दिया गया था जिससे भैया/बहन लाभान्वित भी हुए आगे भी इस प्रकार का विडियो बनाकर दिया जाएगा जिससे भैया/बहन सक्रिय रह सकेंगे। प्रांतीय खेलकूद प्रमुख फणिश्वर नाथ ने मंच संचालन करते हुए कहा कि भारती शिक्षा समिति बिहार के अन्तर्गत चलने वाले सात विभाग से 44 शारीरिक आचार्य बैठक में सम्मिलित हुए। आगे शीघ्र ही भैया/बहनों एवं शारीरिक आचार्यों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित होने वाली है जिसका नियमावली भी शीघ्र भेज दिया जाएगा साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले को प्रांत द्वारा प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश सचिव गोपेश कुमार घोष, क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख ब्रह्मदेव प्रसाद, प्रांतीय खेलकूद प्रमुख फणिश्वर नाथ, सह प्रमुख राकेश पाण्डेय, शारीरिक प्रमुख चन्द्रशेखर कुमार, शशि भूषण मिश्र, जीवन राठौर, ममता कुमारी, गौतम पाठक, आभास कुमार एवं सात विभाग से 44 शारीरिक आचार्य बैठक में सम्मिलित हुए। मीडिया प्रभारी भागलपुर विभाग से शशि भूषण मिश्र की रिपोर्ट ।