कोविड-19 बेगूसराय में बढ़ते संक्रमण और लॉक डाउन से पहले इंडोनेशिया से आए 10-11 जमाती के द्वारा बेगूसराय के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करने की सूचना के बाद हॉटस्पॉट में चिन्हित करते हुए बीएमपी के हवाले कर दिया गया है। जिले की सीमा को चारों तरफ से सील कर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। इन चेकपोस्ट पर बगैर प्राधिकार पत्र दिखाए किसी भी आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।कोरोना के रोकथाम एवं निरोधात्मक कार्रवाई के लिए बीएमपी-6 मुजफ्फरपुर के कमांडेंट सफीउल हक को तेघड़ा अनुमंडल तथा बीएमपी-11 जमुई के कमांडेंट विनोद कुमार को बेगूसराय सदर और बखरी अनुमंडल क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावे महिला पुलिस की भी एक कंपनी बीएमपी जमुई की यहां बुलाई गई है। गंगा एवं गंडक नदी के रास्ते होने वाले आवाजाही को रोकने के लिए छह सदस्यीय नेशनल डिजास्टर रिस्पांस टीम को एसडीआरएफ मुख्यालय बिहटा के इंस्पेक्टर दीपक झा के नेतृत्व में तैनात गया है। लॉकडाउन का भी कड़ाई पूर्वक पालन कराया जा रहा है। बेगूसराय के डीआईजी राजेश कुमार खुद व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डीएम-एसपी भी लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से पूछताछ करने के बाद दिशा-निर्देश दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम अलर्ट मोड में है। तेघड़ा अनुमंडल के इमामगंज, आलमचक, मसकंद दरगाह, गणपतौल, मुर्गियाचक और दीनदयाल रोड बरौनी को संवेदनशील घोषित करते हुए यहां दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। वहीं, बछवाड़ा, मंसूरचक, तेघड़ा प्रखंड के 18 स्थानों को संवेदनशील घोषित करते हुए चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जबकि 15 स्थानों को चिन्हित कर यहां तीन पाली में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को तैनात करते हुए मोटरसाइकिल गश्ती दल को लगाया गया है।विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए क्लिक करें ऑडियो पर और सुनें पूरी खबर।
