बदलते जीवनशैली में मधुमेह से पीड़ित लोगों में काफ़ी इजाफ़ा हुआ है. सही समय पर मधुमेह की पहचान नहीं होने पर यह जानलेवा भी हो जाता है. लेकिन अब राज्य के लोगों को मधुमेह जैसे गंभीर रोग की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित हो सकेगी. इसको लेकर सरकार द्वारा नयी पहल की गयी है. शहर के एक होटल में रविवार को बिहार सरकार, एनईसी कॉर्पोरेशन और एनईसी टेक्नोलॉजी इंडिया ने निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में साझेदारी की घोषणा की. इस साझेदारी का मकसद बिहार राज्य में लोगों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है. इसके लिए आशा कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर स्वास्थ्यं जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी. साथ ही लोगों को मधुमेह जैसी बिमारियों के जोखिम को ख़त्म करने के लिए जीवनशैली से जुडी आदतें सुधारने के लिए प्रोत्साहित भी किया जायेगा।
