बिहार के जिला मुंगेर से रंजन जी मोबाइल वाणी के माध्यम से बता रहे है कि पूर्णिया में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना का लाभ अधिकतम लाभार्थियों को दिलाने एवं इसमें गति लाने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर 27 मई से 2 जून तक विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम जीवित संतान एवं मुख्यमंत्री कन्या उत्थान के अंतर्गत 0 से 2 वर्ष के आयु वर्ग की कन्या शिशु को लाभ दिलाने के लिए आयोजित कैंप में संबंधित आवेदन एवं जरुरी दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस शोभा सिन्हा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए आंगनवाड़ी केन्द्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए हैं. इस विशेष कैंप के माध्यम से शत-प्रतिशत लाभुकों को पीएमएमवीवाई एवं कन्या उत्थान योजना का लाभ दिलाने के लिए सीडीपीओ एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं को निर्देशित किया गया है. इसके लिए प्रत्येक आंगनवाड़ी क्षेत्र में प्रथम बार माँ बनने वाली महिलाओं एवं 0 से 2 वर्ष की कन्या शिशुओं की सूची उपलब्ध करायी जा रही है. साथ ही योजना का लाभ दिलाने के लिए आंगनवाड़ी सेविकाएं चिन्हित लाभुकों के आवेदनों को भर कर जरुरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, बैंक खाता पासबुक एवं एमसीपी कार्ड ( मदर एवं चाइल्ड प्रोटेक्शन कार्ड) की छाया प्रति को भी जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. इस विशेष कैंप के माध्यम से आंगनवाड़ी सेविकाओं द्वारा दोनों योजनाओं के बारे में आम लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है.