उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज योजना में छिंदवाड़ा जिले का शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा शामिल मुख्यमंत्री डॉ.यादव और उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार ने जिले को दी सौगात महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को अब बड़े महानगरों में स्थित महाविद्यालयों जैसी सुविधायें होंगी प्राप्त जिले में निवासरत विद्यार्थियों को अच्छी उच्च शिक्षा के लिए किसी और जिले के महानगर का नहीं करना होगा रूख ======================== प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज योजना के अंतर्गत शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी अब बड़े महानगरों में स्थित महाविद्यालयों जैसी सुविधायें प्राप्त होंगी । अब छिंदवाड़ा जिले में निवासरत विद्यार्थियों को अच्छी उच्च शिक्षा के लिए किसी और जिले के महानगर का रूख नहीं करना होगा, बल्कि वे यहां सरलता और सहजता से अच्छी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार के कुशल मार्गदर्शन में संचालित उच्च शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज योजना में छिंदवाड़ा जिले के शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा को शामिल किये जाने पर इस खुशखबरी से जिले के विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है । शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा के प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश लगातार विकास कर रहा है और इसी संदर्भ में हमारे शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय छिन्दवाड़ा के लिये बड़ी खुशखबरी प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज योजना में इस महाविद्यालय को शामिल किये जाने से आगामी समय में महाविद्यालय को इस का लाभ मिलने पर अत्याधुनिक भवन, लैब, छात्रावास आदि की सुविधायें प्राप्त होंगी। महाविद्यालय और जिले को यह सौगात दिये जाने पर महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई और प्राचार्य डॉ.लक्ष्मीचंद ने मुख्यमंत्री डॉ.यादव और उच्च शिक्षा मंत्री श्री परमार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है और सभी को शुभकामनायें दी हैं।