दीनदयाल रसोई संचालन के संबंध में जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न ================================================== वर्तमान में नगर निगम छिंदवाड़ा के अंतर्गत 3 स्थाई दीनदयाल रसोई, जिनमें से एक गांधीगंज, एक जिला अस्पताल के गेट नंबर 4 और एक गुरैया सब्जी मंडी में संचालित है, जिनकी निविदा के 3 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इन दीनदयाल रसोई के संचालन के लिए निविदा प्रक्रिया करने एवं निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तक संचालन की व्यवस्था करने के संबंध में जिला स्तरीय समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आज कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री मनोज पुष्प की अध्यक्षता में कलेक्टर कक्ष में संपन्न हुई। बैठक में नगरपालिक निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, आयुक्त नगरपालिक निगम श्री राहुल सिंह राजपूत, संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण श्री सिद्धार्थ पटेल, प्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुश्री ओजस्वी काले, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजीत कुजूर और सहायक परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण श्री राजाराम वरठे उपस्थित थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि तीनों स्थाई रसोइयों के संचालन के लिए निविदा की प्रक्रिया की जाये और जब तक निविदा प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान मैं संचालित कर रहे रसोई संचालक ही गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराते रहेंगे। कलेक्टर एवं समिति के अध्यक्ष श्री पुष्प ने यह भी निर्देशित किया कि समिति के सदस्य समय-समय पर दीनदयाल रसोई केंद्रों का आकस्मिक भ्रमण कर भोजन की क्वालिटी का परीक्षण भी करते रहें।