राष्ट्रीय गणित दिवस पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजरी में विभिन्न गतिविधियां संपन्न ================================================== भारत के बच्चों का गणित फोबिया दूर करने के लिये नवीन और नवाचारी प्रयास किये जा रहे हैं । इसी तारतम्य में गणित के प्रति बच्चों में डर मिटाकर रुचि जागृत करने के लिये राष्ट्रीय गणित दिवस पर गत दिवस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजरी में विभिन्न गतिविधियां संपन्न हुईं। महान गणितज्ञ रामानुजन के जन्म दिवस के मौके पर शाला के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता की गई। कार्यक्रम संयोजक एवं नेशनल चिल्ड्रन मैथ्स अकैडमी की स्टेट डायरेक्टर डॉ.अभिलाषा जैन भांगरे ने बताया कि शाला में चार्ट मेकिंग, मॉडल मेकिंग, कविता, स्लोगन, निबंध लेखन और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों ने ज्यामितीय आकृतियों, सूत्र, प्रमेय, समीकरण, 3D ज्यामिति आकृतियां, वर्ग संख्याएं, गिनती और पहाड़े बनाना, गणितीय पहेली जैसी अनेक गणितीय संक्रियाओं को कबाड़ से जुगाड़ कर खेल-खेल में सहज ही सीखा। साथ ही शाला के "प्रज्ञान खगोलीय क्लब" द्वारा 22 दिसंबर की खगोलीय घटना को पृथ्वी पर चित्रांकन द्वारा विद्यार्थियों को समझाया। क्लब के पदाधिकारी सर्वश्री सुयश बघेल, हर्षिता सूर्यवंशी, अजय धुर्वे, इशा धुर्वे, कशिश ठाकरे, योगेश सूर्यवंशी और अन्य सदस्यों ने समूचे कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई तथा प्रभारी प्राचार्य श्री व्ही.बी.श्रीवास्तव सहित शिक्षक सर्वश्री संजय ठाकुर, श्रीमती निशा सक्सेना, नीलम सक्सेना, अनीता गुर्दे, विसालम मसीह, प्रणिता डेविड, रजनी शर्मा, संध्या वर्मा, निहारिका वर्मा, सीमा सक्सेना और श्री दुबे द्वारा समूचे कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया गया।
