जिला कलेक्टर ने सीएम जन सेवा मित्रों के दल को हरी झण्डी दिखाकर किया भोपाल रवाना छिंदवाड़ा जिले से बैच-2 के 330 जन सेवा मित्र प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण में होंगे शामिल मुख्यमंत्री जन सेवा मित्रों को भोपाल में करेंगे नियुक्ति पत्र वितरित ======================================================== अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संसाधन भोपाल मध्यप्रदेश द्वारा मुख्यमंत्री युवा इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत नियुक्त किये गये सीएम जन सेवा मित्रों का एक दल भोपाल में आयोजित होने वाले एक दिवसीय प्रशिक्षण के लिए आज रवाना हुआ। नवागत कलेक्टर श्री मनोज पुष्प ने जिले के 330 जन सेवा मित्र के इस दल को गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हरी झण्डी दिखाकर भोपाल के लिये रवाना किया। इस दल में जिले के विकासखंड बिछुआ, चौरई, छिंदवाड़ा, सौंसर, मोहखेड़, जुन्नारदेव, परासिया, पांढुर्णा, अमरवाड़ा, हर्रई व तामियां के प्रतिभागियों का समावेश है। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्री खेमचंद्र बोपचे, एसडीएम श्री सुधीर कुमार जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, सीएम फैलो श्री गौरव जैन, अन्य अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। सीएम फैलो श्री जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल के लाल परेड मैदान में जन सेवा मित्र के बैच 2 के प्रतिभागियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इसके अलावा पुराने इंटर्न को अवधि वृध्दि के पत्र बांटे जायेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री चौहान 4 अगस्त 2023 को आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय बूट कैम्प में इंटर्न को संबोधित भी करेंगे। इंटर्नशिप के अंतर्गत नियुक्त जन सेवा मित्र ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर जाकर प्रदेश व केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर उन्हें लाभ लेने के लिये प्रेरित करेंगे।
