एमएसपी पर मूंग-उड़द खरीदी का पंजीयन 8 से 19 मई तक : कृषि एवं प्रभारी मंत्री श्री पटेल ======================================== किसान कल्याण एवं कृषि विकास और छिन्दवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा है कि प्रदेश में विपणन वर्ष 2023-24 में मूंग और उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 8 मई से पंजीयन शुरू होगा। किसान 19 मई तक ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द फसलों का पंजीयन करवा सकेंगे। कृषि एवं प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने बताया कि प्रदेश के मूंग के अधिक उत्पादन वाले 32 जिलों में छिंदवाड़ा सहित नर्मदापुरम्, नरसिंहपुर, रायसेन, हरदा, सीहोर, जबलपुर, देवास, सागर, गुना, खंडवा, खरगोन, कटनी, दमोह, विदिशा, बड़वानी, मुरैना, बैतूल, श्योपुरकलां, भिंड, भोपाल, सिवनी, बुरहानपुर, छतरपुर, उमरिया, धार, राजगढ़, मंडला, शिवपुरी, अशोकनगर, बालाघाट और इंदौर में पंजीयन केन्द्र खोले जा रहे हैं। इसी प्रकार उड़द के अधिक उत्पादन वाले 10 जिलों में छिंदवाड़ा सहित जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, पन्ना, मंडला, उमरिया, सिवनी एवं बालाघाट में किसानों के पंजीयन के लिए केन्द्र स्थापित किये जा रहे हैं।