नगर क्षेत्र के महादेव नगर मोहल्ले में लोगों को नल जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस योजना के तहत महादेव नगर के वार्ड संख्या 22 में चार बोरिंग कराए गए हैं। लेकिन अभी तक एक भी घर में पानी का कनेक्शन नहीं दिया जा सका है। इस संबंध में लोक जनशक्ति पार्टी अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निरंजन चंद्रवंशी ने जिला प्रशासन के साथ-साथ मुख्यमंत्री से इस संबंध में शिकायत की है। उन्होंने इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। उसने बताया कि जिला परिषद के नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने लोगों की शिकायत पर बोरिंग स्थल का निरीक्षण किया और जल्द ही सभी घरों को पानी पहुंचाने का आश्वासन लगभग 6 माह पूर्व दिया था। लेकिन आज तक भी यह चालू नहीं हो सका है। नल जल योजना के चालू नहीं होने के कारण इस माह दलित बहुल मोहल्ले में लोगों को एकमात्र चापाकल का ही सहारा रह गया है। इधर गर्मी के शुरुआत से ही लोगों को पानी की भारी किल्लत महसूस होने लगी है।