स्कूलों में ठहरे संदिग्धों का अधिकारियों ने लिया जायजा    प्रखंड क्षेत्र की पंचायतों में दूसरे प्रदेशों से अपने घर लौटकर स्कूलों के अस्थाई आवास में ठहरे लोगों का शुक्रवार को अधिकारियों ने जायजा लिया। सीओ रमेश प्रसाद सिंह एवं रेवेन्यू आफिसर सौम्या शामिल थी। मध्य विद्यालय गगौर, बेलौनी आदि विद्यालय पहुंचकर उन्होंनें स्कूल में स्वच्छ पानी, शौचालय, साफ - सफाई सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। क्वारंटाइन में रह रहे लोगों को एक-दूसरे के बीच दूरी बनाकर रहने, अपने को एक - दूसरे के स्पर्श से बचने, खांसी, जुकाम, बुखार और गले का दर्द की शिकायत होने पर जांच करने वाली आशा कार्यकर्ता, एएनएम या पीएचसी को तुरंत सूचित करने, हाथों को बार - बार साबुन से साफ करने आदि की सलाह दी। वहीं पंचायत के मुखिया व जनप्रतिनिधियों से गांव में आ रहे बाहर से लोगों को चिह्नित कर पंचायत के स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखने, उसका मेडिकल जांच कराने एवं सतत अनुश्रवण करने की अपील की। सीओ ने बताया कि 31 मार्च तक अन्य राज्यों से आए 111 लोगों को चिह्नित कर होम क्वारंटाइन पर रखा गया है। इनमें 5 लोगों ने 14 दिनों तक की क्वारंटाइन की अवधि पूरी कर ली है। इनमें कोरोना के संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं। प्रखंड क्षेत्र में एक भी विदेश से आए लोगों की सूचना नहीं है। विभिन्न गांवों के स्कूलों में 42 संदिग्धों को ठहराया गया है। गगौर मध्य विद्यालय क्वारंटाइन में रह रहे संदिग्धों के बीच 25 साबुन का वितरण किया गया है। सीओ ने बताया कि आज से स्कूल में रह रहे लोगों के बीच भोजन व अवासन की व्यवस्था भी कराया जा रहा है। इसके पहले सभी लोग अपने घर से मंगाकर खाना खाते थे।