बारिश की पानी सड़क पर जमने से आवागमन बाधित, नही है पानी निकलने का रास्ता। संवाददाता गांवां/ गिरिडीह: गांवां प्रखंड के निर्माणाधीन मालडा पिहरा मुख्य मार्ग हल्की फुल्की बारिश से भी नदी में तब्दील हो जाती है। यह दृश्य मुख्य मार्ग के पिहरा मानपुर चौक से पहले का है जहाँ बारिश की पानी के निकलने का कोई रास्ता भी नही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था इस दौरान मानपुर से पहले सड़क पर बने पुलिया को तोड़ दिया गया लेकिन उसे पुनः बनाया नही गया जिसके कारण सड़क में आने वाला बारिस के पानी का निकासी अवरुद्ध हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षो से इस पूरे मोहल्ले के बारिश की पानी इसी पुलिया के द्वारा निकलकर नाले से होते हुए नदी में जाती थी परंतु इसके टूट जाने से पानी नही नकल पाती है और सड़क पर ही रुक जाती है जिसके कारण लोगो को आने जाने में काफी दुष्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। यहाँ तक कि पानी जिस नाले से वर्षो से जाता रहा है उसे भी किए व्यक्ति विशेष के द्वारा तोड़ कर अपने कब्जे में ले लेने की बात कही जा रही है। साथ ही ग्रमीणों ने यह भी बताया कि सड़क के किनारे बने घरो के पीछे बहुत सारे खेत है जिसमे पानी से तालाब बना हुआ है और हमलोगों के घरों में घुस रहा है यह हमलोगों के लिए चिंता का विषय है। बताते चले कि इस जल जमाव की समस्या को लेकर गांवां प्रखंड विकास पदाधिकारी को ग्रामीणों के द्वारा एक लिखित आवेदन भी दिया गया है, और अनुमंडल पदाधिकारी तक भी इसकी शिकायत की गई परंतु स्थिति में तनिक भी सुधार देखने को नही मिला है। शिकायत के बावजूद भी कोई प्रतिक्रिया न होने से ऐसा प्रतीत होता है कि इन गरीबो का दुख सुनने के लिए अधिकारियों के पास समय नही है।
