प्रखंड संसाधन केंद्र पेटरवार की ओर से मंगलवार को पेटरवार स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय के मैदान में दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय खेलो झारखंड 2023- 24 प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो, जिप सदस्य प्रहलाद महतो, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष मुकेश कुमार महतो, बीडीओ शैलेन्द्र कुमार चौरसिया व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी घनश्याम साहू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर व फीता काटकर किया.  मुख्य अतिथि विधायक लंबोदर महतो ने कहा कि खेल -कूद से शारीरिक व मानसिक विकास होता है. स्पर्धा का भाव जगता है. इसीलिए किताबी ज्ञान के साथ- साथ खेलकूद भी आवश्यक है. उन्होंने छात्र- छात्राओं से कहा कि किताबी शिक्षा के साथ- साथ खेलकूद को भी अपने दैनचर्या में शामिल करें.  विधायक ने कहा कि प्लस टू उच्च विद्यालय के खेल मैदान को एक स्टेडियम और एथलेटिक्स कॉर्नर के रूप में तब्दील किया जाएगा. ताकि गांव देहात के बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने में परेशानियों का सामना नही करना पड़े. कहा कि इस खेल मैदान को बहुत ही जल्द स्टेडियम का रूप दिया जाएगा इसके लिए हम लगे हुए हैं. यहां आयोजित प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता में प्रखंड के 187 विद्यालयों के छात्र- छात्राएं भाग ले रहे हैं  इन प्रतिभागियों के बीच दौड़, हाई जम्प, लौंग जम्प, त्रिपाल जम्प, शॉर्टपुट, डिस्क थ्रो, रिलेरेस, बॉलीबॉल, कब्बडी, खो- खो, तीरंदाजी आदि प्रतियोगिताएं शामिल हैं. इन प्रतियोगिता में अंडर 14, अंडर 17 व  अंडर 19 के छात्र- छात्राएं भाग ले रहे है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रखंड साधनसेवी, संकुल साधनसेवी, प्रतिनियुक्त शिक्षक- शिक्षिकाएं लगे हुए हैं