विद्यापतिनगर। भूमि विवाद के निपटारे के लिए शनिवार को विद्यापतिनगर थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन हुआ। वहीं जनता दरबार में फरियादी जमीन संबंधी विवादों को सुलझाने थाना पहुंचे थे। इस दौरान जनता दरबार में कुल आठ जमीन विवाद के मामले आए, जिसमें आन द स्पाट छह मामले का निष्पादन किया गया। वहीं दो मामलों में सुनवाई की अगली तिथि दी गई। अंचल अधिकारी कुमार हर्ष एवं थानाध्यक्ष फिरोज आलम की मौजूदगी में लगाए गए जनता दरबार में थाना क्षेत्र के कई पंचायत के लोग अपनी-अपनी जमीन से संबंधित समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। दो मामलों में पर्याप्त साक्ष्य नहीं रहने के कारण मामले की सुनवाई अगले शनिवार को दी गई। पूर्व में दोनों पक्षों को नोटिस भेजकर ससमय उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। जमीनी विवाद को लेकर मौके पर कई फरियादी जनता दरबार में आए हुए थे। इस दौरान सीओ और थानाध्यक्ष बारी-बारी से लोगों की समस्याओं से अवगत हुए और दस्तावेजों की जांच की। मौके पर सीआई कुमार गौरव सहित दर्जनों फरियादी मौजूद थे।