विद्यापतिनगर। राज्य सरकार के निर्देश पर दलसिंहसराय एसडीओ प्रियंका कुमारी ने विद्यापतिनगर प्रखंड के साहिट पंचायत में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसडीओ प्रियंका कुमारी ने साहिट पंचायत में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत कार्यान्वित नल जल, गली - नाली पक्कीकरण योजना, विद्यालय, पीडीएस दुकान, आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना सहित मनरेगा के तहत कार्यान्वित योजनाओं का निरीक्षण किया। साथ उन योजनाओं से संबंधित अभिलेखों का सूक्ष्मता से अवलोकन भी किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा कहीं नल से जल नहीं मिलने की शिकायत की गई तो कहीं पक्की गली-नली में खामियां उजागर हुईं। कहीं जर्जर हो चुकी ग्रामीण सड़क के अनुरक्षण में संवेदक की लापरवाही सामने आई तो स्कूल में शैक्षणिक व्यवस्था की हालत पतली दिखी। वहीं निरीक्षण के पश्चात अधिकारियों ने उन पंचायतों में कार्यान्वित योजनाओं को संतोषप्रद बताया। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट जिले को सौंपी जाएगी।मौके पर बीपीआरओ अमित कुमार, मनरेगा पीओ संजय कुमार सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि लालबाबू सिंह सहित आवास सहायक, सेविका एवं पीडीएस दुकानदार मौजूद थे।
