विद्यापतिनगर। लगातार हो रही बारिश के कारण मनियारपुर चौक से काँचा तक जाने वाली मुख्य सड़क पर जल जमाव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में लोगो को काफी परेशानी हो रही है। वार्ड 11 के समीप मुख्य रोड पर बारिश का जल जमा हो जाने से ना तो लोग इधर से उधर जा पाते हैं और न ही उधर से इधर की ओर आ पाते हैं। वहीं, अत्यधिक कीचड़ जमा होने के कारण दोपहिया तथा तीन पहिया वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। जबकि अगल-बगल में बसे लोगों को भी आने-जाने में परेशानी हो रही है। अधिक बारिश के कारण इस सड़क पर कीचड़ युक्त पानी जमा हो जाता है तथा जल निकासी का कोई मार्ग भी नहीं है। इस समस्या के निदान के लिए स्थानीय लोगों ने प्रतिनिधि तथा प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन अब तक समस्या का निदान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के पानी से होने वाले जलजमाव तथा जीर्णशीर्ण सड़क का जीर्णोद्धार किया जाए ताकि आमलोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
