विद्यापतिनार महनार-मुरली टोल मुख्य पथ इन दिनों वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है, प्रखंड क्षेत्र के बढ़ौना से बजरंगी चौक तक सड़क के दोनों ओर बने गड्ढों के कारण इस रास्ते से होकर गुजरने वाली दुपहिया एवं चारपहिया वाहनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं आए दिन इस सड़क पर छोटी बड़ी दुर्घटनाएं आम हो गई है । गौरतलब है कि इस सड़क को एन. एच. 122बी में तब्दील कर दिया गया है, जिस पर निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो चुका है । निर्माण एजेंसियों द्वारा सड़क के उत्तर दिशा में मिट्टी काटकर चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया है, परंतु अनेक स्थानों पर वर्तमान सड़क से एक से डेढ़ फीट गड्ढा बना दिया गया है, जिससे गाड़ियों को ओवरटेक करते समय गड्ढे में उतरने की संभावना बढ़ गई है।दूसरी ओर पहले से ही सड़क की कम चौड़ाई होने की वजह से सड़क के दक्षिणी हिस्से में जगह जगह कीचड़ एवं गड्ढे होने के कारण बड़ी बहनों का इस रास्ते पर चलना मुश्किल हो गया है ।बरसात के समय में जगह-जगह कीचड़ एवं गड्ढों की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है । कई बार बड़ी वाहन कीचड़ में घंटों फंसी रहती है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है । वहीं दूसरी ओर दो पहिया वाहन सड़क पर कीचड़ एवं फिसलन के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो जाया करती हैं, स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या तो बरसों से हैं, परंतु निर्माण कार्य शुरू होने से समस्या और अधिक बढ़ गई है । लोगों ने निर्माण एजेंसियों से मांग की है कि सड़क के किनारे बने गड्ढों को शीघ्र भरवाया जाए, ताकि होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके ।