विद्यापतिनगर। प्रखंड के हरपुर बोचहा पंचायत का निरीक्षण गुरुवार को भारत सरकार के मीडिया एडिटर श्रवेश कुमार मिश्रा की टीम ने किया । केंद्रीय टीम ने पंचायत में चल रही मनरेगा योजना के तहत विभिन्न विकासीय योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने जल निकासी, जल संचय, पाैधरोपण, सामाजिक वानिकी, इंदिरा आवास, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, सड़क आदि का स्थलीय निरीक्षण व जांच-पड़ताल की। उन्होंने सड़क किनारे व नहर के किनारे पौधरोपण, निजी व सरकारी भूमि पर हुए पौधरोपण कार्य का जायजा लिया। प्रेम विहार मनरेगा पार्क में मौजूद दिव्यांग वनपोषक अर्जुन सदा आदि से पूछताछ भी किया। पंचायत सचिवालय में संचिकाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने बताया कि हरपुर बोचहा पंचायत में विकास योजनाओं के कार्यान्वयन को धरातल पर उतारा गया है। जो काफी सराहनीय है। मौके पर मुखिया प्रेम शंकर सिंह, पीटीए मनोज कुमार, पीआरएस अमित कुमार आदि मौजूद थे।
