बिहार राज्य के समस्तीपुर जिला से मोबाइल वाणी संवाददाता रत्न शंकर जानकारी दे रहे हैं की विद्यापतिनगर प्रखंड अंतर्गत सिमरी पंचायत के वार्ड 6 के समीप से गुजरने वाली ईट सोलिंग सड़क इतनी जर्जर हो चुकी है कि इस पर चलना जोखिम लेने के बराबर है। इस सड़क पर आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रहती है। बावजूद इसके जनप्रतिनिधि हों या प्रशासनिक अधिकारी इस सड़क के जीर्णोद्धार की दिशा में कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश पनपता जा रहा है। एक दशक पहले बनी ईट सोलिंग सड़क जगह-जगह उखड़ कर उबड़-खाबड़ हो गई है। लगभग 1 किलोमीटर लंबी सड़क अजमल हुसैन के घर से सुदमिया देवी के घर तक जाती है। इस सड़क के जीर्णोद्धार के लिए ग्रामीणों ने कई बार प्रखंड से लेकर जिले के आलाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को गुहार लगाई है,परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है। जिसके कारण चलने वाले वाहन हर दिन फंसते रहते हैं। इस दौरान सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को जगह ही नहीं मिलती। ग्रामीणों को कभी भी गंभीर हादसा होने का डर बना हुआ है। सड़क की मरम्मत नहीं कराया गया तो बारिश में समस्या और भी बढ़ जाएगी।