विद्यापतिनगर । बिहार दिवस के शुभअवसर पर प्रखंड के मनियारपुर पंचायत में बुधवार को पंचायत सरकार भवन के परिसर में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता करते हुए पंचायत की मुखिया बेबी देवी ने उपस्थित लोगों को बिहार की अस्मिता एवं गौरव से परिचित कराया, साथ ही पंचायत में चल रहे विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। वहींं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) अमित कुमार ने पंचायत भवन के परिसर में 11 पौधे लगा कर लोगों को पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित किया, इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज विश्व जल दिवस भी है, इसलिए आप सभी से अपील है कि अनावश्यक जल खर्च न करें, अधिक से अधिक जल को आने वाले भविष्य के लिए सुरक्षित रखें, ताकि नई पीढ़ी को जल संकट का सामना करना न पड़े, उन्होंने उपस्थित लोगों को जल की रक्षा के लिए शपथ दिलाई। इससे पूर्व बिहार दिवस पर उपस्थित लोगों एवं अधिकारियों के द्वारा बिहार गीत का गायन किया गया। मौके पर सचिव राजकिशोर सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश कुमार राय, उप मुखिया सूरज पासवान सहित सभी वार्ड सदस्य एंव ग्रामीण मौजूद थे।