विद्यापतिनगर। प्रखंड क्षेत्र में पिछले 5 दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड की वजह से जहां आम जन पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं पशु भी इससे अछूते नहीं है, विशेषकर दुधारू पशुओं पर इस ठंड का प्रकोप ज्यादा असर दिखा रहा है। दुधारू पशुओं की देखभाल भी ज्यादा करनी पड़ती है। इसके साथ-साथ उनके दूध के उत्पादन में भी काफी कमी आई है। पशु बाड़े में 24 घंटे अलाव जला कर पशुओं को ठंड से बचाया जा रहा है। पशु पालक जामुन पासवान ने बताया कि इस बार रिकॉर्ड तोड़ ठंड से पशुओं को काफी दिक्कतें आ रही है। उन्होंने कहा कि सारा दिन अलाव जलाया जाता है। उसके बाद भी पशुओं को ठंड लगने का भय बना रहता है। साथ ही उन्होंने बताया कि ठंड की वजह से दूध में भी कमी आई है जो गाय 10 किलो दूध देती थी अब 5 किलो दूध देने लगी है यानी दूध उत्पादन में काफी गिरावट आई है। अनुमान लगाया जा रहा हैं की ठंड अभी बरकरार रहने वाली हैं।