विद्यापतिनगर। 40 वर्षो बाद विद्यापतिनगर थाना को नया भवन मिलने वाला है। निर्माण कार्य को लेकर कवायद शुरू कर दी गई है। बिहार पुलिस भवन निर्माण विभाग की ओर से बाजिदपुर स्थित आईबी परिसर में पुलिस भवन का निर्माण कार्य जारी है। मॉडल आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस भवन का कार्य जोर शोर से जारी है। निर्माणाधीन पुलिस भवन में थाना भवन, आगंतुक कक्ष, माल खाना, अनुसंधान कक्ष, कॉमन रूम,एसएचओ कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, हाजत, गार्ड रूम, मीटिंग हॉल सहित कई अन्य संभाग सहित रूम का निर्माण किया जाना है। थानाध्यक्ष प्रसुनजय कुमार ने बताया कि नए पुलिस भवन के निर्माण होने से पुलिसकर्मियों को कार्य करने में काफी सहुलियत होगी। वहीं फरियाद को लेकर आने वाले लोगो को काफी सहूलियत होगी। नए पुलिस भवन बनने से क्षेत्रवासियों सहित पुलिसकर्मियों में खुशी छाई है। विद्यापति नगर थाने की स्थापना 24 दिसम्बर 1983 को मऊ बाजार पुलिस थाने के नाम से हुई थी। स्थापना समय मे विद्यापति नगर चौक के समीप किराये के मकान में थाना का संचालन हो रहा था। अंचल कार्यालय के समीप वर्ष 2004 मे बने किसान भवन में थाने को शिफ्ट कर दिया गया। दो कमरे में चल रहे थाने मे एक कमरा थानाध्यक्ष का है और एक में वारलेश तथा रिकॉर्ड फाइल यत्र -तत्र रखे जाते है।
