मिली जानकारी के अनुसार हरपुर-सैदाबाद (पटोरी प्रखंड) के मुखिया सह प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार राय उर्फ डोमन राय गुरुवार की दोपहर मुखिया संघ की बैठक कर वापस घर आ रहे थे कि पटोरी-सरारी मार्ग पर माधोपुर चौर में पहले से घात लगाये 10-15 आदमियों ने हंसुआ व लाठी से उनपर हमला कर दिया। इस क्रम में हो-हल्ला होने पर चौर में गेहूं कटनी कर रहे मजदूरों के इकट्ठा हो जाने के कारण उनकी जान बच गयी। इस क्रम में बताते हैं कि उनके कई अंगों में हंसुआ व लाठी के प्रहार से जख्म भी हो गया। उनके साथ के बाइक सवार दीपक कुमार को भी लाठी की चोटें लगी हैं। बताते हैं कि उनपर हमला करनेवाले उनकी बाइक व मोबाइल को भी साथ लेते गये। बाद में खबर होने पर ग्रामीण उन्हें मोटरगाड़ी से मोहनपुर पीएचसी लाये,जहां उन दोनों की चिकित्सा हो रही है। वे दोनों खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं। अस्पताल पर एसआई मोनू राय व विश्वास कुमार पहुंच गये हैं,किंतु संवाद-प्रेषण तक उन्होंने कोई बयान नहीं दिया है। वैसे यह घटना मुखिया चुनाव की रंजिश को लेकर हुई बतायी जा रही है। खबर होने पर डोमन राय को देखने मोहनपुर पीएचसी पर विधायक राजेश कुमार सिंह भी पहुंच चुके हैं और अन्य शुभचिंतकों की भीड़ भी जुट गयी है।