बिहार राज्य के जिला समस्तीपुर से राजकुमार ठाकुर मोबाइल वाणी के माध्यम से कहते है कि कोरोना जांच व टीकाकरण कार्य में लगे कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने की स्वीकृति मिल गयी है। बिहार जन चिकित्सा कर्मचारी महासंघ समस्तीपुर के मांगों को देखते हुए सीएस डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने शनिवार को आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत सीएस ने सभी डीएस, पीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि कोरोना जांच एवं टीकाकरण कार्य करने वाले कर्मियों को रोस्टर के अनुसार कार्य का वितरण करना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक कर्मी को सप्ताह में एक दिन का साप्ताहिक अवकाश उपयोग करने एवं महिला कर्मियों को देय अवकाश उपभोग करने की स्वीकृति दी जाए। विदित हो कि कोरोना संक्रमण के प्रथम एवं द्वितीय लहर के दौरान कर्मियों से लगातार कोरोना जांच एवं टीकाकरण कार्य लिया जा रहा है। वर्ष 2020 से ही सभी कर्मियों का सभी प्रकार का अवकाश रद्द कर दिया गया है एवं उसे एक दिन का भी साप्ताहिक विश्राम नहीं दिया जा रहा है। इस संबंध में महासंघ के द्वारा मांग गया था कि कर्मचारियों को कोविड जांच एवं टीकारकण के लिए रोस्टर की व्यवस्था लागू किया जाए तथा उन्हें सप्ताह में एक दिन का साप्ताहिक अवकाश एवं महिला कर्मियों को विशेष अवकाश उपयोग करने की स्वीकृति दी जाए। इधर, महासंघ के जिला मंत्री राजीव रंजन ने सीएस को इसके लिए धन्यवाद दिया है।इस खबर को सुनने के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।