बढ़ते कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ने के मद्देनजर गुरुवार को समस्तीपुर प्रशासन ने शहर के ओवरब्रिज के पास अनुमंडल कार्यालय के सामने मास्क चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोककर मास्क व हेलमेट चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बगैर मास्क पहने आवाजाही कर रहे लोगों से जुर्माना वसूला। मौके पर पुलिस ने बगैर मास्क व हेलमेट के चलने वाले कई लोगों को आगे से मास्क व हेलमेट लगाकर चलने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया। कहा कि आगे से पकड़े जाने पर जुर्माना वसूला जाएगा। आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए प्रतिबंधों का पालन सख्ती से कराया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके लिए गुरुवार से तीन दिनों तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने सभी जिलों के DM, SSP और SP को प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने का आदेश जारी कर दिया है। इस दौरान दुकानों, अस्पतालों, पुलिस लाइन और जेल सहित भीड़-भाड़ वाले जगहों पर प्रतिबंधों और नियमों का पालन हो रहा है या नहीं की जांच करने का आदेश दिया है।विस्तार पूर्वक जानकारी के लिए क्लिक करें ऑडियो पर और सुनें पूरी खबर।
