पंचायत आम चुनाव के 5वें चरण में हसनपुर प्रखंड में 283 एवं रोसड़ा प्रखंड में 199 बूथों पर मतदान की तैयारी की गयी है। इन प्रखंडों में 24 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से संध्या पांच बजे तक मतदान कार्य कराया जाएगा। उक्त क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भय मुक्त माहौल में मतदान संपन्न कराने को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गयी है।डीएम सह जिला निर्वाची अधिकारी शशांक शुभंकर ने रोसड़ा व हसनपुर में भी सुबह सात बजे से संध्या पांच बजे तक मतदान कराने का आदेश दिया है। इसके लिए सभी बूथों पर प्रतिनियुक्त किए गए सभी कर्मियों को 22 अक्टूबर तक प्रखंड मुख्यालय में योगदान का निदेश दिया गया है। पंचम चरण से संबंधित हसनपुर एवं रोसड़ा के मतदान केन्द्रों को उनके भौगोलिक स्थिति के आलोक में हसनपुर प्रखंड में 184 एवं रोसड़ा प्रखंड में 102 कुल 286 गश्ती दल सह ईवीएम एवं मतपेटिका संग्रह दल की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। पेट्रोलिंग मजिस्टेट ईवीएम एवं मतपत्र आदि मतदान के दिन पांच बजे पूर्वाह्न अपने अधीन सभी मतदान केन्द्रों के पीठासीन पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त सशस्त्र पुलिस बल की उपस्थिति में निश्चित रूप से प्राप्त करायेंगे तथा कर्णांकित मतदान केन्द्र पर स्टेटिक हो जायेंगे।
