दिनांक 20 अक्टूबर को जिला प्रशासन के द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया है कि जिला पदाधिकारी समस्तीपुर को जिला आपूर्ति पदाधिकारी के विरुद्ध कुछ शिकायतें प्राप्त हुई है। प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है की वे जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यकलाप से संतुष्ट नहीं है और उनके समस्तीपुर पदस्थापन कार्य के कार्यकलापों की जांच आवश्यक है। इसी संदर्भ में जिलाधिकारी ने निदेशित किया है कि जिला आपूर्ति पदाधिकारी, समस्तीपुर के पदस्थापन के समय से अबतक जांच की गई जन वितरण प्रणाली दुकानों से संबंधित विवरण विहित प्रपत्र में 24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार विहित प्रपत्र में प्रखंड वार एवं पंचायत वार जांच की गई जन वितरण प्रणाली दुकानों की सूची, उनकी जांच की तिथि और जांच प्रतिवेदन के आलोक में की गई कार्रवाई की विवरणी जिलाधिकारी के समक्ष समिक्षा हेतू प्रस्तुत करना है।