निर्माणाधीन राम जानकी मेडिकल कॉलेज के समीप मिला युवती का शव. ------------------ समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन राम जानकी मेडिकल कॉलेज के समीप एक 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतका के स्वजनों ने बताया कि तीन दिनों पूर्व रात में उक्त किशोरी अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। मृतका की पहचान गांव के ही मनोज पासवान की पुत्री संध्या कुमारी (17) वर्ष के रूप में की गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उक्त किशोरी का कुछ अता पता नहीं चल पाया तो इस संबंध में सरायरंजन थाने में एक सनहा दर्ज कराया गया। इस बीच रविवार की दोपहर गांव के कुछ लोग तालाब के पास मवेशी के लिए चारा काट रहे थे तो उनलोगों की नज़र अचानक तालाब में उपलाते एक किशोरी के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव में जाकर दी। ग्रामीणों के सहयोग से मृतका के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद उक्त की पहचान की गई। इस संबंध में मृतका के स्वजनों ने बताया कि उक्त किशोरी शौच के लिए निकली होगी। इस दौरान तालाब किनारे उसका पैर फिसल गया होगा और डूबने से उसकी मौत हो गई होगी। ग्रामीणों ने इस घटना की तत्काल सूचना सरायरंजन पुलिस को दे दी। घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष राजा दल-बल के साथ पहुंचकर घटना की छानबीन करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
