भाकपा (माले) जिला कमिटी के आह्वान पर 16 जुलाई 21 को मजदूर-किसान, छात्र-नौजवान एवं महिलाओं का " डाॅ० राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के गेट पर चलो-गेट खोलो " लोकतांत्रिक आन्दोलन किया जायेगा। इसकी लिखित सूचना जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर को दे दी गई है। उपरोक्त बातों की जानकारी माले जिला सचिव काॅ० उमेश कुमार ने देते हुए आगे कहा कि उक्त विश्वविद्यालय के कुलपति अपने तानाशाही रवैया के कारण प्रखंड-अंचल कार्यालय,थाना, अनेकों बैंक, अस्पताल,स्कूल, महिला महाविद्यालय आदि जाने-आने के मुख्य मार्ग को विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर कोरोना के आड़ में ताला लगाकर लगभग पांच माह से बंद किए हुए है। गर्भवती महिलाओं व दुर्घटनाग्रस्त लोगों को भी अस्पताल जाने-आने के लिए 3-4 किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कुलपति ने हाल फिलहाल जो नियुक्तियां विश्वविद्यालय में की है उसमें बड़े पैमाने पर धांधली की गई है और विश्वविद्यालय के कोष का भी बड़ी बेरहमी से दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कुलपति के अकूत चल-अचल संपत्ति की न्यायिक जांच कराने की भी मांग की है।