समस्तीपुर सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर स्थित शाखा को जितवारपुर से हटा कर मुख्य शाखा के साथ मर्ज किए जाने के निर्णय के खिलाफ "महागठबंधन संघर्ष समिति" के बैनर तले समस्तीपुर कॉलेज परिसर में "अनिश्चितकालीन धरना सह सत्याग्रह" आज सोमवार को प्रारम्भ हो गया। ￰राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस को बतलाया कि इस मुद्दे को लेकर महागठबंधन के घटक दलों के द्वारा धरना प्रदर्शन दिया गया। जिसमें राजद, कांग्रेस, भाकपा, माकपा तथा भाकपा माले के सैकड़ो कार्यकर्ता सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर स्थित शाखा को जितवारपुर से हटा कर मुख्य शाखा के साथ मर्ज किए जाने के निर्णय के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठे हुए है। मौके पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने बैंक प्रबंधन के निर्णय का विरोध किया तथा समस्तीपुर कॉलेज की प्राचार्या की तानाशाही रवैये की निंदा की। वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता का ह्रास हुआ है। प्राचार्या प्रायः कॉलेज से अनुपस्थित रहती है, फलतः कॉलेज में भ्रष्टाचार व अराजकता का आलम है। वक्ताओं ने कहा कि समस्तीपुर कॉलेज परिसर में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा लगभग 50 वर्षो से कार्यरत है। इस शाखा से सैकड़ो पेंशनधारियों को पेंशन मिलता है तथा हजारो उपभोक्ताओ का खाता यहां है। कॉलेज की प्राचार्या की अड़ियल रवैये के कारण बैंक की शाखा तथा पोस्ट ऑफिस को हटाने की साजिश रची जा रही है जो न्यायोचित नहीं है। राजद जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस को बतलाया कि समस्तीपुर कॉलेज से बैंक तथा पोस्ट ऑफिस को बचाने व कॉलेज में बदहाल व्यवस्था को सुचारु करने की मांगों को लेकर जारी "धरना सह सत्याग्रह" अनवरत रात-दिन व अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता माकपा नेता प्रोफेसर दिनेश कुमार राय, राजद प्रखंड अध्यक्ष उमेश प्रसाद यादव तथा युवा कांग्रेस के जिला महासचिव मो. ￰नूर आलम की संयुक्त अध्यक्षमंडली ने तथा संचालन माकपा अंचल मंत्री उपेन्द्र राय ने की।विस्तृत जानकारी के लिए ऑडियो पर क्लिक करें।